Weather Alert: बिहार में बस अब बरसने ही वाला है मानसून, इन जिलों के लोग रहें सतर्क
पटना: बिहार में बस मानसून प्रवेश करने ही वाला है. ओडिशा में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. मानसून पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज के रास्ते बिहार में प्रवेश करेगा. मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान में बताया है कि पूर्णिया में 13 जून को मानसून के पहुँचने के पूरे आसार हैं. इसके बाद कुछ दिनों के अंतराल में यह पटना, गया और राज्य के अन्य हिस्सों में भी पहुंच जायेगा. इसको लेकर कई जिलों में ब्लू अलर्ट भी जारी किया गया है. यानी यहा तेज हवा के कारण आंधी-तूफान की भी आशंका है.
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून सीजन में बिहार में 100 प्रतिशत तक बारिश होगी. बता दें कि वर्ष 2019 को छोड़कर पिछले कई वर्षों से बिहार में सामान्य से कम बारिश हो रही है. केवल पिछले वर्ष सामान्य (1027 मिलीमीटर) से अधिक 1060 मिमी बारिश हुई थी. वहीं, 2017 व 18 में 20 से 30 प्रतिशत कम बारिश हुई थी. मौसम विभाग ने इस साल जून से सितंबर तक बिहार में मानसून के दौरान 88 सेमी बारिश होने की उम्मीद जताई है जो सामान्य से अधिक होगी.
इस बीच बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग ने ब्लू अलर्ट भी जारी कर दिया है. इन इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश, आंधी-तूफान के आसार है जिसमें नार्थ इस्ट बिहार, साउथ इस्ट बिहार और साउथ सेंट्रल बिहार शामिल है. वहीं, नॉर्थ इस्ट बिहार में सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपूरा, सहरसा और पूर्णिया इलाके में आने वाले चार दिनों तक बारिश का अनुमान है.
साउथ सेंट्रल बिहार में पटना, गया, नालंदा, खगड़िया, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर और जमुई शामिल है. इनमें से कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर,खगड़िया और जमुई में तीन दिन तक बारिश का अनुमान है. राजधानी समेत राज्य के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है. बिजली कड़कने की भी आशंका है.
मौसम विभाग ने 48 घंटे के अंदर मानसून के आने की संभावना जताई थी. मौसम वैज्ञानिक आनंद शंकर ने बातचीत में पूर्वानुमान जताते हुए कहा था कि आज से 4 दिनों तक पूर्वी बिहार के किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर, मधेपुरा, सुपौल, अररिया समेत कई जिलों में आंधी और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है.
|
|

Post a Comment