बीमार मां के लिए दवा लेने जा रही नाबालिग से 7 लड़कों ने किया गैंगरेप, Facebook पर वीडियो किया वायरल
छपरा: जिले के तरैया में एक नाबालिग लड़की के साथ 7 युवकों द्वारा गैंग रेप का वीडियो वायरल किए जाने पर तीन नामजद और 4 अज्ञात युवकों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. मिली जानकारी के मुताबिक घर से लड़की तरैया बाजार अपनी मां के लिए दवा लेने गई थी जहां से वापस लौटते वक्त शोहदों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसे अगवा कर सुनसान जगह ले गए. जहां 7 लोगों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. घटना के दौरान उन लोगों ने वीडियो भी बनाया जो बाद में वायरल कर दिया गया. मामला प्रकाश में आया तो इसमें छपिया गांव के तीन नामजद और चार अज्ञात को आरोपित किया गया है.
दर्ज प्राथमिकी में नाबालिग लड़की द्वारा कहा गया है कि मैं तरैया बाजार से अपने मां की दवा लेकर पैदल अपने घर जा रही थी. जैसे ही बैताल बाबा पीपल के पास पहुंची कि पश्चिम की तरफ से दो मोटरसाइकिल पर चार सवार आदमी आए और बगल से ही पूरब की तरफ चले गए. कुछ ही देर बाद पूरब के तरफ से वहीं चारों आदमी आए और मुझे आगे से घेर लिया एवं गमछा से मेरा मुंह दबाकर अपने मोटरसाइकिल पर बिठा लिए. मैं काफी चिल्लाने लगी, लेकिन मुझे चेमनी के रास्ते अनजान जगह पर लेकर चले गए, जहां सभी ने मेरे साथ बारी-बारी से बलात्कार किया.
लड़की ने आरोप लगाया है कि उसी में से एक व्यक्ति मेरा वीडियो बनाने लगा. उसने मेरा वीडियो फेसबुक पर वायरल कर दिया है. घटना 17 जुलाई की बताई जा रही है. लड़की ने डर के कारण किसी को यह बात नहीं बताई, लेकिन अपनी मां को 22 जुलाई को घटना के बारे में बता दिया. इसके बाद परिजनों ने थाना में आवेदन दिया, जिसके आलोक में 23 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
घटना के जानकारी मिलने पर विधायक मुंद्रिका राय ने पीड़ित के परिजनों से मिलकर दोषियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया. एसपी हर किशोर राय ने बताया कि पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लेगी.

Post a Comment