अगस्त में करीब 20 लाख भारतीयों को हुआ कोरोना, यही स्पीड रही तो सितंबर में क्या होगा
Corona
Virus in India: देश में कोरोना वायरस की रफ्तार की इतनी भयावह हो चली है कि केवल अगस्त में करीब 20 लाख लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं. एक माह में इस महामारी के इतने ज्यादा मामले आज तक किसी भी देश में नहीं दर्ज हुये हैं. इतना ही नहीं अगस्त माह में भारत में 28 हजार 859 लोगों की मौत हुई जो जुलाई से दोगुनी है.
टीओआई के अनुसार, अगस्त में कुल 19 लाख 87 हजार 705 कोरोना वायरस संक्रमण के मामले दर्ज किए गए. जो यह बताता है कि देश में कोरोना की रफ्तार पर अगर ब्रेक नहीं लगा तो कुल मामलों के लिहाज से भारत सबसे प्रभावित देश बन जायेगा. भारत से पहले अमेरिका में जुलाई महीने में 19,04,462 मामले दर्ज किए गए थे. जिसका रिकॉर्ड अगस्त माह में भारत में टूट गया है. इसी के साथ भारत के नाम किसी एक महीने में सबसे अधिक केस का अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है.
मौत के लिहाज से तीसरे स्थान पर भारत
अगस्त माह में मौत की लिहाज से अमेरिका और ब्राजील कहीं आगे रहे. अमेरिका में 31 हजार लोगों की मौत हुई तो ब्राजील में 29,565 लोगों की. यहा भारत 28859 मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है, लेकिन फिर भी यह आंकड़ा खौफनाक है. कोरोना संक्रमण के प्रसार पर ब्रेक नहीं लगा तो आने वाले कुछ सप्ताहों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है.
भारत में कुल मामले
सोमवार तक भारत में 36.21 लाख मरीज सामने आ चुके हैं. राहत की बात यह है कि इसमें 28.3 लाख लोग ठीक हो चुके हैं. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश में 7.9 लाख ऐक्टिव केस हैं. ऐक्टिव केस की बात करें तो सिर्फ अमेरिका ही आगे है. वहा फिलहाल 25.6 लाख ऐक्टिव मामले हैं. जबकि मौतों के मामले में भारत तीसरे स्थान पर है. अमेरिका में 1.87 लाख, जबकि ब्राजील में अब तक 1.2 लाख लोगों की मौत हो चुकी है. भारत में यह आंकड़ा 65,373 है. देश में कोरोना महामारी से उबरने की दर बढ़कर 76.62 प्रतिशत हो गई है.

Post a Comment