बिहार चुनाव 2020: आरजेडी ने किया पहले चरण की सभी 71 सीटें पर जीतने का दावा
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के प्रचार अब थम चुका है. कल 16 जिलों की 71 सीटों पर वोटिंग होगी. मतदान से एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिहार की जनता के नाम संदेश जारी कर मतदाताओं से अपील की है वहीं प्रदेश और केंद्र सरकार पर हमला बोला है. नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के सीएम प्रत्याशी तेजस्वी यादव मंगलवार शाम सात बजे नौकरी संवाद करेंगे. इधर दूसरे चरण के चुनाव के लिए तेजस्वी यादव और सीएम नीतीश कुमार कई जनसभाओं को संबोधित भी करेंगे.
राजद ने तेजस्वी के बाबू साहब वाले बयान पर दी सफाई, कहा..
पहले चरण का मतदान 28 अक्तूबर बुधवार को होने जा रहा है. इससे ठीक पहले सोमवार को औपचारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने दावा किया है कि पहले चरण की सभी सीटें राजद के नेतृत्व में महागठबंधन जीतने जा रहा है. इस दौरान उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव की तरफ से एक चुनावी सभा में बाबू साहब वाले बयान पर अपनी पार्टी की तरफ से सफाई भी दी. कहा कि यह बयान किसी जाति से नहीं बल्कि सरकारी बाबुओं या अफसरशाही के खिलाफ है.
गृह जिला नालंदा में CM नीतीश कुमार की रैली
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने गृह जिला नालंदा में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं. अस्थावां रैली में उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में घूम-घूम कर काम की समीक्षा करते रहे हैं। सरकार बन जायेगी तो यहां आएंगे और सबकी समस्या सुनेंगे. कहा कि इस बार एनडीए प्रत्याशी को भारी मतों से जिताइए. कोई इधर-उधर, बायां-दायां करना चाहता हो तो उससे संभल कर रहियेगा. राजगीर की चुनावी सभा में नीतीश कुमार बोले, यहां तो मैं बचपन से आता-रहा हूं. उन्होंने राजगीर में सैनिक स्कूल सहित कई विकास कार्यों की चर्चा की. बोले, मौका दीजिएगा तो हमेशा सेवा करते रहेंगे.

Post a Comment