Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में बारिश ने बढ़ाई ठंड, जानिए मौसम का हाल
नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले स्थानों पर शनिवार को बर्फबारी हुई, जबकि पश्चिम विक्षोभ की वजह से उत्तरी क्षेत्र के मैदानी इलाकों में बारिश हुई। कश्मीर घाटी में बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग समेत अन्य सड़कों को बंद करना पड़ा। अरब सागर में बनी चक्रवाती स्थिति के कारण मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। राज्य के पश्चिमी भागों में हालांकि बृहस्पतिवार दोपहर से हल्की बारिश हो रही है, जबकि पूर्वी भागों में भी बूंदाबांदी हो रही है।
दिल्ली के कुछ हिस्सों में हुई हल्की बारिश
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार को हल्की बारिश हुई, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे चला गया। हालांकि, बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखी गई और यह सामान्य से छह डिग्री ज्यादा 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमालय के ऊपर से गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश हुई। तापमान सोमवार तक और गिरने का अनुमान है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शनिवार की सुबह हुई बारिश के बावजूद भी वायु प्रदूषण के स्तर में कोई सुधार नहीं हुआ।
कश्मीर में भारी बर्फबारी
कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में शनिवार को मध्यम से भारी बर्फबारी हुई जिस कारण सड़कों को बंद करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ और इस मार्ग को बंद करना पड़ा। उन्होंने बताया कि राजमार्ग पर स्थित जवाहर सुरंग की सतह पर बर्फ की नौ इंच मोटी परत जमा हो गई है और मरोग, मगेरकोट और पंथियाल में बारिश के बाद कई स्थानों पर भूस्खलन की वजह से सड़क बाधित हुई है।
उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश ने बढ़ाई ठंड
उत्तराखंड में शनिवार को ऊंचाई पर स्थित टिहरी और चमोली जिले में शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई जिससे राज्य में ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने कहा कि जिले में बर्फबारी और बारिश के कारण ठंड बढ़ गई तथा न्यू टिहरी में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश में शीत लहर की स्थिति
हिमाचल प्रदेश में हुई ताजा बर्फबारी के बाद राज्य में भी शीत लहर की स्थिति बन रही है। कोठी और गोंडला में 30-30 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई, इसके बाद केलोंग में 12 सेंटीमीटर, मनाली में 12 सेंटीमीटर, कल्पा में 7.5 और डलहौजी में चार सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते पिछले 24 घंटे में राजस्थान के अनेक इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगामी दो दिन अनेक जिलों में कोहरा छाये रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
Source: India TV

Post a Comment