प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- आज रात 12 बजे से अगले 21 दिन के लिए देशभर में लॉकडाउन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- आज रात 12 बजे से अगले 21 दिन के लिए देशभर में लॉकडाउन
नई दिल्ली: दुनिया का सबसे बड़ा लॉकडाउन भारत में है और यह अब 21 दिन के लिए बढ़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 दिन में दूसरी बार कोरोना वायरस के मुद्दे पर राष्ट्र के नाम संबोधन दिया और इसकी घोषणा की है। 24 मार्च रात 8 बजे दिए 29 मिनट के इस संबोधन में उन्होंने कहा- ‘हिंदुस्तान को बचाने के लिए आज रात 12 बजे से देश में पूरी तरह लॉकडाउन होगा, और यह जनता कर्फ्यू से ज्यादा सख्त होगा। यह 21 दिन का होगा। बाहर निकलना क्या होता है, अगर आप यह 21 दिन के लिए भूल जाइए। 21 दिन नहीं संभले तो आपका देश और आपका परिवार 21 साल पीछे चला जाएगा। कोरोना से मुकाबले के लिए सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी है। हमें संक्रमण के चक्र को तोड़ना होगा। कोरोना वायरस से तभी बचा जा सकता है, जब घर की लक्ष्मण रेखा ना लांघी जाए।’
हर राज्य, जिला, गली-मोहल्ला लॉकडाउन किया जा रहा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- अगर लापरवाही जारी रही तो भारत को इसकी बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है। यह कीमत कितनी चुकानी पड़ेगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। देश में दो दिनों से कई भागों में लॉकडाउन कर दिया गया है। राज्य सरकार के इन प्रयासों को गंभीरता से लेना चाहिए। हर राज्य, केंद्र शासित प्रदेश, हर जिला, गांव, कस्बा, गली-मोहल्ला लॉकडाउन किया जा रहा है। यह एक तरह से कर्फ्यू ही है। जनता कर्फ्यू से जरा ज्यादा सख्त है। कोरोना महामारी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के लिए यह कदम बहुत आवश्यक है।
21 दिन नहीं संभले तो देश और परिवार 21 साल पीछे चले जाएंगे : नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- निश्चित तौर पर लॉकडाउन की आर्थिक कीमत देश को उठानी पड़ेगी। लेकिन, एक-एक भारतीय के जीवन, आपके परिवार को बचाना इस समय मेरी, भारत सरकार की, राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसलिए मै आपसे हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूं कि आप इस समय देश में जहां भी हैं, वहीं रहें। अभी के हालात को देखते हुए देश में लॉकडाउन 21 दिन का होगा। तीन सप्ताह का। पिछली बार बात की थी, तब मैंने कहा था कि मैं आपसे कुछ सप्ताह मांगने आया हूं। आने वाले 21 दिन हर नागरिक, हर परिवार के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। कोरोना वायरस का संक्रमण चक्र तोड़ने के लिए 21 दिन का समय बहुत ही अहम है।
कोरोना से मुकाबले के लिए इकलौता विकल्प है सोशल डिस्टेंसिंग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा:- आप ये देख रहे हैं कि दुनिया के समर्थ से समर्थ देश को भी इस महामारी ने बेबस कर दिया है। ऐसा नहीं है कि देश प्रयास नहीं कर रहे हैं या उनके पास संसाधनों की कमी है। लेकिन, कोरोना वायरस इतनी तेजी से फैल रहा है कि तमाम तैयारियां और प्रयासों के बावजूद भी यह फैल रहा है। इन सभी देशों के दो महीनों के अध्ययन से जो निष्कर्ष निकल रहा है और जो विशेषज्ञ कह रहे हैं, वह यह है कि कोरोना वायरस से प्रभावी मुकाबले के लिए एकमात्र विकल्प है सोशल डिस्टेंसिंग।
हमें संक्रमण के चक्र को तोड़ना होगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा:- सोशल डिस्टेंसिंग यानी एक-दूसरे से दूर रहना। कोरोना से बचने का इसके अलावा कोई तरीका नहीं है। इसे फैलने से रोकना है तो उसके संक्रमण के चक्र को तोड़ना होगा। कुछ लोग इस गलतफहमी में हैं कि सोशल डिस्टेंसिंग केवल मरीज के लिए आवश्यक है, यह सोच सही नहीं है। सोशल डिस्टेंसिंग हर नागरिक और हर परिवार के लिए है। प्रधानमंत्री के लिए भी है। कुछ लोगों की लापरवाही और गलत सोच आपको, आपके बच्चों, माता-पिता, आपके परिवार, आपके दोस्तों और पूरे देश को बहुत बड़ी मुश्किल में झोंक देगी।
कोरोना यानी को- कोई, रो- रोड पर, ना- ना निकले
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा:- देशभर में लॉकडाउन ने आपके घर के दरवाजे पर लक्ष्मण रेखा खींच दी है। आपको याद रहे कि घर से बाहर पड़ने वाला सिर्फ एक कदम कोरोना वायरस जैसी गंभीर महामारी को आपके घर में ले आ सकता है। याद रखना है कि कई बार कोरोना से संक्रमित व्यक्ति शुरुआत में बिल्कुल स्वस्थ लगता है। वह संक्रमित है, इसका पता ही नहीं चलता है। इसलिए ऐहतियात बरतिए, अपने घरों में रहिए। जो लोग घर में हैं, वह सोशल मीडिया पर नए-नए तरीके से इस बात को बता रहे हैं। एक बैनर जो मुझे भी पसंद आया, मैं आपको भी दिखा रहा हूं। कोरोना यानी को- कोई, रो- रोड पर, ना- ना निकले।
एक संक्रमित व्यक्ति सैकड़ों लोगों को एक हफ्ते में संक्रमित कर सकता है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा:- एक्सपर्ट का यह भी कहना है कि आज अगर किसी व्यक्ति में कोरोना वायरस पहुंचता है तो इसके लक्षण दिखने में कई-कई दिन लग जाते हैं। इस दौरान वह जाने-अनजाने उस व्यक्ति को संक्रमित कर देता है जो उसके संपर्क में आता है। WHO की रिपोर्ट बताती है कि इस बीमारी से संक्रमित एक व्यक्ति सैकड़ों लोगों को एक हफ्ते में संक्रमित कर सकता है। एक और आंकड़ा है। दुनिया में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या को पहले एक लाख तक पहुंचने में 67 दिन लगे थे, उसके बाद सिर्फ 11 दिन में एक लाख नए लोग संक्रमित हो गये। दो लाख संख्या होने में सिर्फ 4 दिन लगे। आप अंदाजा लगा सकते हैं कि यह कोरोना कितनी तेजी से फैलता है।
कोरोना से तभी बचा जा सकता है, जब घर की लक्ष्मण रेखा ना लांघी जाए
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा:- सवाल ये है कि इस स्थिति में उम्मीद की किरण कहां है, उपाय और विकल्प क्या हैं। कोरोना से निपटने के लिए उम्मीद की किरण उन देशों से मिले अनुभव हैं, जो कोरोना को कुछ हद तक नियंत्रित कर पाए। हफ्तों तक इन देशों के नागरिक घरों से बाहर नहीं निकले। इन देशों के नागरिकों ने शत-प्रतिशत सरकारी निर्देशों का पालन किया और इसलिए ये कुछ देश अब इस महामारी से बाहर आने की ओर बढ़ रहे हैं। हमें भी यह मानकर चलना चाहिए कि हमारे सामने सिर्फ और सिर्फ यही एक मार्ग है। होगा बारे में सोचिए। ये लोग एक-एक जीवन बचाने के लिए अस्पताल में काम कर रहे हैं। अस्पताल प्रशासन के लोग, एम्बुलेंस के ड्राइवर, सफाई कर्मचारियों के बारे में सोचिए जो दूसरों की सेवा कर रहे हैं।
यह गरीबों के लिए मुश्किल वक्त
प्रधानमंत्री मोदी मोदी ने कहा:- निश्चित तौर पर संकट की यह घड़ी गरीब लोगो के लिए भी मुश्किल वक्त लेकर आई है। सरकार, सिविल सोसाइटी, तमाम संगठन इन लोगों के लिए जुटे हुए हैं। जीवन जीने के लिए जो जरूरी है, उसके लिए सारे प्रयासों के साथ ही, जीवन बचाने के लिए जो जरूरी है, उसे सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। महामारी से निपटने के लिए देश की स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने का काम केंद्र सरकार कर रही है। राज्यों से अनुरोध किया है कि स्वास्थ्य सेवा ही सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। देश का प्राइवेट सेक्टर भी संकट और संक्रमण की इस घड़ी में देशवासियों के साथ खड़ा है। प्राइवेट लैब और अस्पताल सरकार के साथ काम करने के लिए आगे आ रहे हैं। यह भी ध्यान रखिए कि ऐसे समय में जाने-अनजाने अफवाहें भी जोर पकड़ती हैं। मेरा आग्रह है कि किसी भी तरह की अफवाह और अंधविश्वास से बचें। केंद्र सरकार, राज्य सरकार और मेडिकल संस्थानों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करना बहुत जरूरी है। बिना डॉक्टरों की सलाह के बिना कोई भी दवा ना लें। मुझे विश्वास है कि हर भारतीय संकट की इस घड़ी में सरकार के निर्देशोें का पालन करेगा। 21 दिन का समय लंबा है, आपके जीवन, आपके परिवार की रक्षा के लिए हमारे पास यही एक रास्ता है। भरोसा है कि हर हिंदुस्तानी इस संकट का मुकाबला करेगा, बल्कि इस मुश्किल घड़ी से विजयी होकर निकलेगा।
जनता कर्फ्यू की सफलता के लिए धन्यवाद
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा:- मेरे प्यारे देशवासियो आज मैं एक बार फिर कोरोनावायरस पर बोलने आया हूं। 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का जो संकल्प हमने लिया था। एक राष्ट्र के नाते उसकी शुद्धि के लिए हर भारतवासी ने पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपना-अपना योगदान दिया। बच्चे, बुजुर्ग, छोटे-बड़े हर वर्ग के लोगों ने परीक्षा की इस घड़ी में मेरा साथ दिया। जनता कर्फ्यू को हर भारतवासी ने सफल बनाया। एक दिन के जनता कर्फ्यू से भारत ने दिखा दिया कि जब देश पर संकट आता है, मानवता पर संकट आता है तो किस प्रकार से हम सभी भारतीय मिलकर उसका मुकाबला करते हैं। आप सभी जनता कर्फ्यू की सफलता के लिए धन्यवाद के पात्र हैं।
Source : Dainik Bhaskar


Post a Comment