कोरोना वायरस को लेकर रेलवे का बड़ा फैसला, भीड़ कम करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट हुआ 50 रु
इंदौर: कोरोना वायरस के चलते रेलवे स्टेशनों पर भीड़ घटाने के लिए रतलाम रेल मंडल ने अपने सभी स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट 50 रुपए कर दिया है। 17 मार्च से मंडल के 139 रेलवे स्टेशनों पर यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। बता दे प्लेटफार्म टिकट अभी तक 10 रुपए का मिलता था।
इसके पहले पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में ट्रेनों के वातानुकूलित यात्री कोच का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस पर फिक्स करने के आदेश दिया गया था ताकि यात्रियों को कंबल की जरूरत न पड़े। रेलवे के आदेश पर रविवार से इंदौर स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों के वातानुकूलित कोच से पर्दे व कंबल हटाए गए। अब रेलवे इन कोच में यात्रियों को तकिया व चादर ही दे रहा है। वरिष्ठ जनसपंर्क अधिकारी जितेंद्र कुमार जयंत के मुताबिक कोच में यात्री अपना कंबल ला सकता है। और किसी यात्री को अतिरिक्त चादर की जरूरत होगी तो वह उपलब्ध कराई जाएगी।
कोरोना के डर से रेलवे प्रबंधन ने सभी डिविजन के डिब्बों के अंदर से पूरी तरह सफाई करने के निर्देश दिए हैं। रेलवे सभी बोगियों की सफाई लाइजोल जैसे उपयुक्त कीटनाशक दवा से करवा रहा है। रखरखाव के दौरान ईएमयू और डेमो कोचों में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए हैं।
Sources: नई दुनिया

Post a Comment