कोरोना का असर: देश में अबतक 29 राज्यों में 1 हजार 657 मामले, मध्यप्रदेश में 20 और महाराष्ट्र में 18 नए मामले सामने आए
कोरोना का असर: देश में अबतक 29 राज्यों में 1 हजार 657 मामले, मध्यप्रदेश में 20 और महाराष्ट्र में 18 नए मामले सामने आए
नई दिल्ली: कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या 1 हजार 657 हो गई है। आज मध्यप्रदेश में 20 और महाराष्ट्र में 18 नए मामले सामने आए हैं। 29 राज्यों में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल चुका है। देश में 31 मार्च को कोरोना संक्रमण के 272 नए मामले सामने आए थे। पहली बार एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित मिले। सबसे ज्यादा 64 संक्रमित महाराष्ट्र में मिले, यहां कुल मरीज 320 के पार हो गया हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 57, दिल्ली में 23, मध्यप्रदेश में 19 और तेलंगाना में 15 मामले बढ़े। यह आकड़ा covid19india.org वेबसाइट के अनुसार हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने 31 मार्च रात 8.30 बजे कहा- पिछले 24 घंटे में 146 नए मामले सामने आए है। देश में अब कोरोना वायरस के कुल केस 1 हजार 397 हो गए हैं। इनमें से 1 हजार 238 एक्टिव केस हैं और 124 केस ठीक हो चुके हैं। इनमे 35 लोगों की मौत हुई है।
इस बीच, सेना ने कोलकाता में संक्रमित डॉक्टर के संपर्क में आने वाले 30 अधिकारियों और जवानों को एहतियातन क्वारैंटाइन कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि ये सभी लोग सेना के कर्नल रैंक के डॉक्टर के संपर्क में आए थे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना महामारी से निपटने के उपायों पर फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों से फोन पर चर्चा की।
जमात में शामिल लोगों का देशभर में पता लगाया जा रहा
राजधानी दिल्ली में मरकज की जमात में शामिल लोगों कोरोना संदिग्धों के देशभर में ट्रैकिंग जारी है। आंध्र प्रदेश में मरकज से लौटे 4 और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। भोपाल में 82 लोग चिन्हित किए जा चुके हैं। वहीं, रात को 8 लोग बरेली की एक मस्जिद में मिले।
महाराष्ट्र: कुल संक्रमित- 320
मुंबई में 16 और पुणे में 2 और लोगों को कोरोना संक्रमित पाया गया है। 31 मार्च को 64 नए मामले सामने आए थे। पुणे के कलेक्टर नवल किशोर ने बताया कि जिले से दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज की जमात में 130 लोग शामिल हुए थे। इनमें से कई लोगों का पता नहीं चल रहा है। उनकी तलाश की जा रही है। और 60 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है।
केरल: कुल संक्रमित- 241
31 मार्च को 7 नए मामले सामने आए। 30 मार्च को 32 केस मिले थे। राज्य के सभी 14 जिले संक्रमण से प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा 107 मरीज कासरगोड़ में हैं। राज्य से एक अच्छी खबर भी है। यहां एक बेहद बुजुर्ग पति-पत्नी संक्रमण से ठीक हुए हैं। पति 98 साल के और पत्नी 88 साल की हैं। वे डायबिटिक और हायपरटेंशन के मरीज भी हैं। वे पिछले हफ्ते इटली से लौटे अपने बच्चों और पोते-पोतियों के संपर्क में आने से संक्रमित हो गए थे।
मध्यप्रदेश: कुल संक्रमित- 86
01 अप्रैल को यहां 20 नए मामले सामने आए। हालांकि, ये 20 संक्रमित किस जिले या शहर के हैं यह जानकारी अभी नहीं दी गई है। 31 मार्च को 19 संक्रमित लोग मिले थे। इनमें से इंदौर में ही 17 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इंदौर में संक्रमितों की संख्या 44 हो गई है।
उत्तरप्रदेश: कुल संक्रमित- 104
31 मार्च को यहां बरेली में 5 नए मामले सामने आए, उसके बाद शाम तक 3 और केस भी पॉजिटिव निकले। राज्य में 30 मार्च को 24 कोरोना संक्रमित मिले थे। सबसे ज्यादा 30 कोरोना पॉजिटिव गौतम बुद्ध नगर में हैं। उत्तर-प्रदेश पुलिस का कहना है कि राज्य में उन 157 लोगों को भी तलाश लिया गया है, जो निजामुद्दीन स्थित मरकज के तब्लीगी इज्तिमा में शामिल हुए थे।
बिहार: कुल संक्रमित- 21
राज्य में 31 मार्च को कोरोना वायरस के 6 नए मरीज मिले। दूसरी तरफ, 30 मार्च को सीतामढ़ी के मढ़ौल गांव में एक व्यक्ति को 2 लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला। वह व्यक्ति और उसका परिवार कल ही महाराष्ट्र से लौटे थे। मृतक ने कोरोना सहायता केंद्र को उनकी वापसी की सूचना दी थी, जिससे आरोपी नाराज थे। इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
Source : Bhaskar

Post a Comment