कोरोना का असर: देश में अहमदाबाद का डेथ रेट सबसे डरावना, दिल्ली से 4 गुना मौतें
नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है. देश में बुधवार रात तक कोविड 19 के 2.85 लाख मामले सामने आ चुके हैं. इनमें से करीब 8 हजार लोगों की मौत हो चुकी है. देश में सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं. इसके बाद गुजरात और दिल्ली में जानें गई हैं. अगर हम शहरों के हिसाब से देखें तो मुंबई में सबसे अधिक मौत हुई हैं. इसके बाद अहमदाबाद और दिल्ली में मौतें हुई हैं. लेकिन हम जैसे-जैसे इन आंकड़ों की परतें खोलते हैं तो सिक्के और दूसरे पहलू भी दिखते हैं. जैसे कि मुंबई ने भले ही सबसे अधिक जानें गंवाई हों, लेकिन डेथ रेट में अहमदाबाद पहले नंबर पर है.
भारत में कोरोना वायरस के कारण सबसे बुरी स्थिति महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली की है. महाराष्ट्र में 3200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. गुजरात में 1300 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. और दिल्ली 900 मौत का आंकड़ा पार कर चुकी है. महाराष्ट्र और गुजरात में सबसे बुरी स्थिति यहा के सबसे बड़े शहरों मुंबई और अहमदाबाद की है.
मुंबई, अहमदाबाद, दिल्ली की तुलना
मुंबई, अहमदाबाद और दिल्ली में कितने लोगों की मौत हो चुकी है? डेथ रेट कहा ज्यादा है यानी, आबादी के लिहाज से कहा सबसे अधिक खतरा है? इन सवालों के जवाब में मुंबई और अहमदाबाद का नाम आता है. मुंबई में देश के किसी भी शहर से ज्यादा मौतें हुई हैं. लेकिन डेथ रेट में अहमदाबाद सबसे आगे है. 8 जून तक के आंकड़ों के अनुसार अहमदाबाद में प्रति 10 लाख की आबादी में 182 लोगों की मौत कोरोना से हुई है. मुंबई में डेथ रेट 88 और दिल्ली में 45 है. यानी, अहमदाबाद का डेथ रेट दिल्ली से चार गुना से भी ज्यादा है.

Post a Comment