पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तैनात बुकिंग क्लर्क की कोरोना वायरस से मौत
नईदिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण का कहर जारी है और अब इस बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है. जबकि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तैनात बुकिंग क्लर्क शिव दत्त भी कोरोना वायरस से जंग हार गए हैं. उन्होंने दिल्ली के सेंट्रल हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली. सूत्रों के अनुसार, बुकिंग क्लर्क शिव दत्त को कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमण हुआ था और उसके बाद उन्हें सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वह कोरोना से जंग नहीं जीत सके.
दिल्ली में कोरोना वायरस से अब तक 984 लोगों की मौत
बता दें कि राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 501 नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही अब राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के कुल मामले बढ़कर 32,810 हो गए हैं. वहीं, दिल्ली में कोरोना वायरस से कुल मौत की संख्या 984 तक जा पहुंची. यकीनन, राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं.
दिल्ली सरकार की मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में 32,810 कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों में से 12,245 मरीज स्वस्थ हो गए हैं. जबकि, 19581 मामले अभी भी एक्टिव हैं. इसी तरह यदि अस्पताल की व्यवस्था की बात करें तो दिल्ली में कुल 9462 कोविड 19 बेड हैं. इनमें से 5026 बेडों पर मरीजों का इलाज हो रहा है. जबकि, 4436 बेड अभी भी उपलब्ध हैं. इसी तरह राष्ट्रीय राजधानी के कोविड 19 अस्पतालों में कुल 572 वेंटिलेटर्स हैं. इनमें से 315 वेंटिलेटर्स का उपयोग हो रहा है, जबकि 257 अभी भी खाली पड़े हैं.
दिल्ली में बढ़ी श्मशान घाट और कब्रिस्तानों की संख्या
देश की राजधानी दिल्ली में श्मशान घाट और कब्रिस्तान की संख्या बढ़ाई जा रही है. एमसीडी के अध्यक्ष जय प्रकाश का कहना है कि तीनों एमसीडी में श्मशान घाट और कब्रिस्तान की संख्या बढ़ाई जा रही है. कोरोना वायरस से फैली महामारी को देखते हुये नॉर्थ एमसीडी में 4 श्मशान घाट, 2 कब्रिस्तान और ईस्ट एमसीडी में 2 श्मशान घाट बढ़ाये गए हैं. वहीं, साउथ एमसीडी में भी तीन अतिरिक्त श्मशान घाट बनाये गए हैं. यह कदम इसलिए उठाए गए हैं, ताकि कोरोना महामारी के दौरान कोविड-19 से होने वाली मौतों के बाद शवों का अंतिम संस्कार करने में किसी भी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े. साथ ही जयप्रकाश ने दिल्ली सरकार के उस आरोप को झूठा करार दिया है, जिसमें एमसीडी पर काम न करने का आरोप लगाया गया है. आपको बता दू कि दिल्ली में कोरोना वायरस की वजह से हो रही मौतों के आंकड़े बढ़ रहे हैं. ऐसे में साउथ MCD ने पंजाबी बाग का श्मशान घाट को पूरी तरह कोविड के लिए अलॉट कर दिया है. यहा सामान्य शवों का दाह संस्कार नहीं हो सकेगा.
|
|

Post a Comment