राजधानी दिल्ली में आज कोरोना वायरस के रिकॉर्ड सबसे ज्यादा मामले सामने आए, पढ़े पूरा आंकड़ा
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस मरीजों के रिकॉर्ड एक दिन में 2414 नये मामले सामने आये। अब दिल्ली में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या 47103 हो गई है। बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण की वजह से 67 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही दिल्ली में अबतक कोरोना वायरस की वजह से 1904 लोगों की मौत हो चुकी है। हेल्थ बुलेटिन के अनुसार राजधानी दिल्ली में 8093 लोगों का कोविड-19 टेस्ट हुआ था, जिसमें से 2414 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गये। यानी 29.82% लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए।
दिल्ली में कोविड-19 जांच की कीमत 2400 रुपए तय
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में कोविड-19 की जांच दोगुनी करने के गृह मंत्री अमित शाह के फैसले के बाद 15 और 16 जून को 16618 नमूने लिए गए जबकि 14 जून तक रोजाना 4000 से 4500 नमूनों की जांच हो रही थी। गृह मंत्रालय ने कहा है कि रविवार को गृह मंत्री द्वारा गठित उच्च स्तरीय कमेटी के सुझाव के बाद दिल्ली में कोविड 19 की जांच के लिए 2400 रुपये कीमत निर्धारित की गई है और अब ‘रैपिड एंटीजन’ पद्धति से जांच होगी ।
गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली में कोविड 19 की जांच दोगुनी करने को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के 14 मई के फैसले के बाद 15 और 16 जून को 16618 नमूने एकत्र किए गए। अब तक 6510 नमूनों की रिपोर्ट मिल चुकी है, बाकी रिपोर्ट 18 जून तक मिल जायेगी।’’ प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली के निषिद्ध क्षेत्रों में संक्रमित मरीज के संपर्क में आये लोगों का पता लगाने का अभियान तेज किया गया है।
राजधानी दिल्ली के 242 निषिद्ध जोन में कुल 2,30,466 की आबादी में 15-16 जून के बीच 1,77,692 लोगों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया गया है। बाकी लोगों का सर्वेक्षण 20 जून तक हो जायेगा। दिल्ली में जांच बढ़ाने और तेजी से परिणाम देने के लिए गृह मंत्री के निर्देश के बाद 18 जून से आईसीएमआर द्वारा मंजूर ‘रैपिड एंटीजन’ पद्धति से जांच होगी।
मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे किट प्रदान किए जाने में दिल्ली को प्राथमिकता दी जायेगी और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 169 केंद्र भी बनाए जा रहे हैं। महामारी से निपटने की रणनीति के लिए रविवार को शाह ने दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, दिल्ली के तीनों नगर निगमों के मेयर तथा आयुक्त के साथ उच्च स्तरीय बैठकें की थीं।
|
ये
भी पढ़े: विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान से बड़ा खुलासा, गलवान घाटी में जो हुआ उसके लिए चीन जिम्मेदार
|

Post a Comment