दरभंगा के साइकिल गर्ल ज्योति ने फिर जीता लोगों का दिल, पुरस्कार स्वरूप में मिली राशि से कराई अपनी बुआ की शादी
दरभंगा: बीमार पिता को गुरुग्राम से दरभंगा अपनी साइकिल के कैरियर पर बिठाकर लाने वाली साइकिल गर्ल ज्योति ने एक बार फिर बड़ा काम किया है और परिवार के साथ समाज का भी दिल जीत लिया है. दरअसल ज्याेति ने पुरस्कार स्वरूप में मिली राशि से अपनी गरीब बुआ की शादी करवाई. कविता की शादी समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के नाथुद्वार गांव के शिबू पासवान के पुत्र अरविंद पासवान के साथ श्यामा मंदिर में हुई है. इसके लिए ज्योति ने पुरस्कार में मिली राशि में से 50 हजार रुपये खर्च किये और अपनी गरीब चचेरी बुआ कविता के हाथ पीले कर न सिर्फ लोगों का दिल जीत लिया बल्कि एक सकारात्मक संदेश भी दे दिया.
मिली जानकारी के मूताबिक ज्योति के दादा दो भाई थे. दोनों दादा कारी पासवान व शिवनंदन पासवान का निधन हाे चुका है. चचेरी दादी विधवा लीला देवी लकवाग्रस्त हैं. ज्योति ने अपनी चचेरी दादी की हालत देख उनकी बेटी कविता कुमारी की शादी कराने का फैसला लिया और यह बात उसने अपने माता-पिता से कही.
इस संबंध में ज्योति के पिता मोहन पासवान ने कहा कि ज्योति ने ही कविता की शादी करा देने का सुझाव दिया था। उसने कहा कि कल हमारे पास कुछ नहीं था लेकिन आज जो कुछ है, बहुत है। तो एक गरीब की बेटी की शादी करा देनी चाहिये। उन्होंने सहर्ष इसे स्वीकार किया और आज ज्योति के पैसे से रिश्ते में उसकी बहन कविता की शादी अरविंद से हो पाई। उन्होंने कहा कि इसमें सब कुछ ज्योति का है और उन्हें अपनी बेटी पर नाज है।
आपको बता दें कि दरभंगा के केवटी प्रखंड में सिरहुल्ली गांव की निवासी ज्योति तब सुर्खियों में आई थी जब उसने अपने बीमार पिता को साइकिल पर बिठाकर हरियाणा के गुरुग्राम से दरभंगा का करीब 1200 किमी तक का सफर साइकिल से तय किया था. ये खबर सामने आई तो देश विदेश से ज्योति को सराहना मिली थी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप ने भी ज्योति के लिए ट्वीट किया था.
|
|

Post a Comment