प्रेमिका की शादी रुकवाने दोस्त के साथ पहुँचा था प्रेमी, 5 दिन बाद दोनों की लाश मिली
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में डबल मर्डर की घटना हुई है. रविवार की देर शाम चंद्रभागा नदी के किनारे जंगल में दो युवकों का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. घटना बखरी थाना क्षेत्र के बागवन की है. मृतक युवकों की पहचान डंडारी थाना क्षेत्र के डंडारी निवासी राजीव सदा एवं भगवान सदा के रूप में की गई है. डबल मर्डर की यह घटना जांच में प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.
बखरी थाना क्षेत्र के बागबन में उस समय लोग सकते में आ गये जब एक साथ दो युवकों का शव चंद्रभागा नदी के जंगल में पुलिस ने बरामद किया. मृतकों की पहचान होते ही लोग तरह-तरह की बातें करने लगे. अभी तक जो बात सामने निकल कर आई वो यह कि मृतक राजीव सदा का बखरी थाना क्षेत्र के ही बागवन निवासी एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. मिली जानकारी के मुताबिक, 25 अगस्त को युवती ने राजीव सदा को मोबाइल पर कॉल करके कहा कि यदि तुम नहीं आओगे तो हमारे परिजन हमारी शादी कहीं अन्य जगह कर देंगे. युवती के इतना कहते ही राजीव अपने एक साथी भगवान सदा को साथ में लेकर बखरी चला आया. उसके बाद राजीव एवं भगवान सदा का कहीं अता पता न चला तो परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू की.
पुलिस को दी गई जंगल में शव होने की सूचना
रविवार की शाम स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को जंगल से बदबू आने की सूचना दी गई. फिर मौके पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों के शव को देखा. इसकी सूचना राजीव सदा के परिजनों को दी गई. परिजन जब मौके पर पहुंचे तब दोनों के शव की पहचान राजीव सदा एवं भगवान सदा के रूप में की गई. फिलहाल पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है. अब पुलिस जांच के बाद पता चल पाएगा कि घटना की पूरी सच्चाई क्या है.
यह भी पढ़े: मेट्रो, स्कूल, सिनेमा हाल, जानें अनलॉक-4 मेंक्या खुला और क्या है बंद

Post a Comment