Bihar Election 2020: कोरोना-बाढ़-दशहरा के बीच चुनाव, उम्र के अनुसार वोटिंग की व्यवस्था
निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा कर दी है। इस बार के चुनाव में आयोग ने कई बड़े बदलाव कीये हैं। कोरोना के संक्रमण काल में मतदान केंद्रों पर तमाम एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं। मतदान केंद्रों पर भीड़ नहीं लगे, इसे ध्यान में रखकर चुनाव में उम्र के अनुसार मतदान का समय निर्धारित किया जायेगा। सबसे पहले बुजुर्गों को मतदान का मौका मिलेगा। इसके बाद युवाओं व महिलाओं की बारी आएगी। साथ ही कोरोना से संक्रमित वोटरों के लिए अलग मतदान केंद्र बनाए जायेंगे। 80 वर्ष से अधिक उम्र वाले मतदाताओं को डाक मतपत्र की सुविधा उपलब्ध होगी। चुनाव आयोग ने कहा है कि दिव्यांग मतदाताओं को भी यह सुविधा उपलब्ध होगी।
उम्र के अनुसार वोटिंग की व्यवस्था
मतदान केंद्रों पर भीड़ इकट्ठा न हो, इसके लिए उम्र के अनुसार वोटिंग की व्यवस्था की जानी है। इसके लिए टाइमिंग तय किया जायेगा। बुजुर्ग मतदाताओं को सुबह में तो युवाओं को दोपहर से शाम के बीच मतदान का मौका दिया जायेगा।
अनावश्यक भीड़-भाड़ से बचने की हिदायत
मतदाता उम्र के अनुसार मतदान केंद्रों पर पहुंचें, इसके लिए जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। इस काम में ग्राम पंचायत स्तर तक अभियान चलेगा। इसके लिए बनाई गई टीम घर-घर लोगों को जागरुक करेगी।
मतदान केंद्रों पर शारीरिक दूरी का पूरा ध्यान रखा जायेगा। वहां मास्क पहन कर जाना अनिवार्य होगा। मतदान के समय मतदाता ईवीएम को नहीं छू सके, इसकी भी व्यवस्था की जायेगी। मतदानकर्मी पारदर्शी प्लास्टिक सीट के पीछे रहेंगे। कोरोना संक्रमित मतदाताओं के लिए अलग मतदान केंद्र होंगे। वहां मतदानकर्मी पीपीई किट पहनकर रहेंगे।
चुनाव आयोग ने चुनाव कार्य में जुटे सुरक्षाकर्मियों, मतदान कॢमयों और इवीएम के इंजीनियरों को चुनावी ड्यूटी के दौरान कोविड से होनेवाली मौत पर बड़ी राहत देने का निर्देश दिया है। आयोग ने आदेश दिया है कि चुनाव ड्यूटी के दौरान कोरोना से मौत होने पर मतदान कर्मी के परिजन को 30 लाख रुपये दिया जायेगा। इवीएम के लिए बीइएल और इसीआइएल के इंजीनियरों को कोविड संक्रमण होने पर कैशलेश इलाज का इंतजाम होगा।

Post a Comment