SSR Death Case: AIIMS ने सीबीआई को सौंपी सुशांत की प्राइमरी रिपोर्ट, मौत को लेकर खुलेंगे कई राज़
Sushant
Singh Rajput Death Case: सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ( AIIMS) की टीम ने प्रारंभिक रिपोर्ट CBI को सौंप दी है. 14 जून को सुशांत सिंह की मौत के बाद से ही कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. जिसके बाद सीबीआई के कहने पर डॉ सुधीर गुप्ता की अध्यक्षता में एम्स की मेडिकल पैनल बनाई गई थी, ताकि पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट का बारीकी से विश्लेषण किया जा सके.
वहीं, सीबीआई ने बयान जारी कर कहा है कि सुशांत सिंह राजपूत मामले में अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका है. फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है. सीबीआई को ऑटोप्सी और विसरा की जांच रिपोर्ट सौंपी गई है. सीबीआई टीम दूसरे साक्ष्यों से रिपोर्ट का मिलान करेगी. रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई अपनी जांच आगे बढ़ायेगी.
सुशांत के पिता के वकील ने जांच प्रक्रिया पर उठाए थे सवाल
पिछले दिनों सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह के वकील विकास सिंह ने एक ट्वीट में सीबीआई जांच पर सवाल उठाया था. उन्होंने लिखा था, 'सुशांत सिंह राजपूत को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले को सीबीआई हत्या के मामले में बदलने में देरी कर रही है, इससे निराशा बढ़ रही है. एम्स टीम का हिस्सा रहे एक डॉक्टर ने मुझे बहुत पहले ही बता दिया था कि मेरे द्वारा भेजे गए फोटोज 200% इशारा कर रहे हैं कि ये मौत गला घोंटने से हुई है, न कि आत्महत्या से.' हालांकि, एम्स की टीम ने विकास सिंह के दावे का खंडन किया था.
सुशांत की बहनों से फिर होगी पूछताछ
सीबीआई रिया चक्रवर्ती की उस एफआईआर की जांच कर रही है, जो उन्होंने मुंबई में सुशांत सिंह के फैमिली मेंबर्स के खिलाफ दर्ज कराई थी. रिया चक्रवर्ती ने दावा किया है कि सुशांत की बहनें पैसों के लिए अपने भाई पर दबाव बना रही थीं. सीबीआई ने कहा है कि सुशांत सिंह राजपूत मामले की जांच में किसी भी एंगल को छोड़ा नहीं जा रहा है. इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है. अब सीबीआई सुशांत की बहन मीतू, प्रियंका सिंह और जीजा ओपी सिंह से भी पूछताछ कर सकती है. मीतू और प्रियंका से इससे पहले भी सवाल-जवाब हो चुके हैं.
यह भी पढ़े: ड्रग्स मामला: ड्रग्स के ग्रुप की एडमिनथीं दीपिका पादुकोण, मैनेजर करिश्मा प्रकाश ने किया खुलासा
सुशांत के पिता केके सिंह के वकील विकास सिंह की मानें तो अभिनेता सुशांत की बहनों को कोई समन नहीं मिला है, लेकिन अगर जांच एजेंसी उन्हें पूछताछ के लिए बुलाती है तो वे पूरा सहयोग करने को तैयार हैं.
14 जून को फ्लैट में मृत पाए गए थे सुशांत
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को अपने मुंबई के फ्लैट में मृत पाए गए थे. मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताया था, लेकिन अटकलें थीं कि यह हत्या भी हो सकती है. सुप्रीम कोर्ट से मंजूरी के साथ मामले की जांच कर रही सीबीआई अब सभी एंगल से मामले की जांच में जुटी है. वहीं, प्रवर्तन निदेशायल (ED) फाइनेंशियल एंगल से और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ड्रग्स एंगल से इस मामले की जांच कर रही है.

Post a Comment