हिमाचल प्रदेश में स्कूल खोलने पर असमंजस, 15 अक्तूबर से नहीं खुलेंगे स्कूल!
शिमला: हिमाचल प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण राज्य सरकार स्कूल खोलने को लेकर असमंजस में है. केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, 15 अक्तूबर से स्कूल खोले जा सकते हैं और स्टाफ भी फुल स्ट्रेंथ के साथ स्कूल आ सकता है. लेकिन राज्यों को फैसला लेने का अधिकार दिया गया है.
क्या बोले शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि स्कूल खोलने को लेकर अभी चर्चा चल रही है. जरूरी यह है कि कोरोना के मामले नहीं बढ़ने चाहिये. बच्चों की सुरक्षा कैसे होगी. उस पर मंथन के बाद ही निर्णय लिया जायेगा. वैसे भी केंद्र सरकार ने कहा है कि यह सख्त आदेश नहीं है कि 15 अक्तूबर से स्कूल खोले ही जाने चाहिए. शिक्षा विभाग गहराई से चर्चा करने के बाद फैसला करेगी. छोटी क्लासों को लेकर अभी विचार नहीं किया जायेगा. क्योंकि, बच्चों की सुरक्षा जरूरी है. वहीं 100 प्रतिशत स्टाफ को बुलाने पर बाद में फैसला होगा.
रोजाना आ रहे मामले
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में रोजाना 200 से 300 कोरोना के नए मामले आ रहे हैं. इसके अलावा मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है. रोजाना 5 से 7 मौतें हो रही है. ऐसे में स्कूलों में नियमित पढ़ाई शुरू करना खतरे से कम नहीं है. सूबे में अब तक 16565 केस रिपोर्ट हुए हैं और 226 लोगों की मौत हुई है.
कोरोना का दशहरा उत्सव पर भी साया
कोरोना महामारी के चलते इस बार कई बड़े धार्मिक आयोजन और मेले नहीं हो सके हैं. विश्व प्रसिद्ध कुल्लू दशहरा भी कोरोना के साये में हैं, जिस दिन विजयदशमी होती है उसी दिन कुल्लू का दशहरा शुरू होता है जो अगले सात दिन चलता है. इस बार कैसे दशहरा मनाया जायेगा. इस पर आने वाले दो-तीन दिन में बैठक करके निर्णय लिया जायेगा. यह बात भाषा, कला एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कही. उन्होंने कहा कि कुल्लू में दशहरा उत्सव समिति की बैठक में तय किया जायेगा कि दशहरा कैसे मनाया जाना है.

Post a Comment