कोरोना वायरस पर 10 सवालों के जवाब: दरवाजे के हैंडल, मोबाइल से भी कोरोना फैल सकता है
कोरोना वायरस पर 10 सवालों के जवाब: दरवाजे के हैंडल, मोबाइल से भी कोरोना फैल सकता है
दुनियाभर में फैले कोरोना वायरस के बारे में सही जानकारी नहीं होने के चलते लोगों के मन में डर है। वहीं, लोगो द्वारा कुछ ऐसे एहतियात भी बरत रहे हैं, जो जरूरी नहीं है। जैसे - बिना सर्दी-जुकाम के भी एन-95 मास्क लगाकर घूम रहे हैं। और सर्दी-जुकाम होने पर भी उन्हें कोरोना का खतरा महसूस हो रहा है। लोगों के मन में उठ रहे ऐसे ही सवालों के जवाब के लिए हमने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) भोपाल के डायरेक्टर और सीईओ प्रोफेसर सरमन सिंह और इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के वैज्ञानिक से बात की।
डॉ. सरमन सिंह से सवाल-जवाब
1. सवाल : मैं जो कपड़ा रोजाना पहन रहा हूं, क्या उनसे संक्रमण हो सकता है?
जवाब : बिल्कुल हो सकता है। आप जो कपड़े पहनकर घर से बाहर निकल रहे हैं, उन्हें घर आकर तुरंत अच्छी तरह से धोइए, क्योंकि बाहर निकलने पर हम कई सारे लोगों से टकराते हैं। ऐसे में संक्रमण किसी के भी जरिए कपड़ों तक पहुंच सकता है। कपड़ों पर हाथ लगाकर आप अपने मुंह-नाक तक ले जाएंगे और संक्रमित हो जाएंगे।
2. सवाल : क्या जूते-चप्पल, घड़ी से भी संक्रमण फैल सकता है ?
जवाब : जूते और चप्पल से संक्रमण नहीं फैलता। घड़ी पहन रहे हैं तो उसे सैनिटाइज करते रहें, क्योंकि ड्रॉपलेट्स के जरिये घड़ी तक भी संक्रमण आ सकता है।
3. सवाल : क्या मोबाइल, कम्प्यूटर-लैपटॉप से भी संक्रमण हो सकता है ?
जवाब : हां बिल्कुल। इन सभी गैजेट्स को सैनिटाइज करते रहे। की-बोर्ड को सैनिटाइज करते रहें। मोबाइल की स्क्रीन भी सैनिटाइज करें। हालांकि ये सब तभी हो सकता है, जब कोई संक्रमित व्यक्ति इनके आसपास रहे। संक्रमण खुद ब खुद पैदा नहीं होता, कहीं न कहीं से ट्रांसमिट ही होता है।
4. सवाल : क्या कोरोना वायरस हवा में भी रहता है?
जवाब : हां बिल्कुल रहता है। हवा से धीरे-धीरे सरफेस पर आता है। हवा में कई मिनटों तक रहता है, इसीलिए बाहर न निकलने की अपील की जा रही है।
5. सवाल : किसी को संक्रमण नहीं है, फिर भी उससे दूरी बनाना जरूरी है?
जवाब : हर व्यक्ति से दूरी जरूरी है। घर पर हैं, तब भी परिवार के लोगों से कम से कम 1 मीटर का डिस्टेंस रखें। किसी के जरिए भी संक्रमण फैल सकता है।
6. सवाल : क्या मास्क लगाना सभी को जरूरी है?
जवाब : बिल्कुल भी जरूरी नहीं है। N-95 को तो बिल्कुल न लगाएं क्योंकि यह डॉक्टर्स और नर्सों के लिए हैं। यदि आपको सर्दी-खांसी हो रही है तो जरूर मास्क लगाएं ताकि दूसरे लोगों तक संक्रमण न पहुंचे। आप ऐसा मानकर चलें कि आप संक्रमित हैं। ऐसा करने से आप खुद पूरी सावधानी बरतेंगे और दूसरों से दूरी बनाए रखेंगे।
7. सवाल : क्या डोर नॉब से भी यह वायरस आ सकता है?
जवाब : इसका संक्रमण ड्रॉपलेट से होता है। अब यदि ड्रॉपलेट हवा में या किसी सरफेस पर है और अगर आप उस सरफेस को छूटे हैं तो इसके संक्रमण का आप शिकार हो सकते हैं। हालांकि, जब आप अपने हाथ को मुंह और नाक पर लगाएंगे, तभी यह संक्रमण आपकी बॉडी में अंदर पहुंचेगा। इसलिए बार-बार हाथ धोने और हाथों को चेहरे पर न लगाने की अपील की जा रही है।
8. सवाल : कोरोना वायरस के संकेत कितने दिनों में दिखते हैं ?
जवाब : सामान्य तौर पर 5 से 7 दिनों में इसके संकेत दिखने लगते हैं। कई बार 14 दिनों तक का भी समय लगता है, इसी कारण 14 दिन ऑब्जर्वेशन पीरियड में रखा जाता है।
9. सवाल : वायरस कितनी दूर तक मुझे अपना शिकार बना सकता है?
जवाब : किसी भी संक्रमित व्यक्ति के 1 मीटर के आसपास तक आप गये हैं, तो आपके भी संक्रमित होने की संभावना बहुत बढ़ जाती है। ;कोरोना वायरस के ड्रॉपलेट्स 1 मीटर के दायरे तक फैलते हैं, इसलिए कहा भी जाता है कि हर किसी से कम से कम 1 मीटर तक की दूरी तो जरूर बनाएं रखिए।
10. सवाल : क्या गर्मी बढ़ने पर कोरोना वायरस खत्म होगा ?
जवाब : गर्मी से कोरोना वायरस खत्म हो जाएगा, यह कहना सही नहीं है। क्योंकि सिंगापुर, थाईलैंड जैसे देशों में जहां हाई ह्यूमिडिटी होती है, वहां भी इस वायरस के फैलने का मामला सामने आया है। वहीं गर्मी के मौसम में लोग शॉपिंग मॉल, मूवी थियेटर जैसी जगहों पर इकट्ठा होते हैं। यहां एयर कंडीशनर ऑन होता है, जिससे माहौल ठंडा बना रहता है, ऐसे माहौल में भीड़ के बीच रहने से वायरस का शिकार हो सकते हैं। इसलिए भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
हवा में 3 घंटे तक कोरोना वायरस रह सकता है
- दि न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन के अध्ययन के अनुसार, कोरोना वायरस कार्डबोर्ड पर 24 घंटे तक, प्लास्टिक और स्टील पर 72 घंटे तक रह सकता है। हालांकि, इन सभी पर समय बीतने के साथ ही इसकी मात्रा कम होती चली जाती है।
- कुछ समय बाद खतरे का स्तर काफी कम हो जाता है। यूएस के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एलर्जी एंड इंफेक्शियस डिजीज की स्टडी के अनुसार, संक्रमित वायरस हवा में 3 घंटे तक रह सकता है।

Post a Comment