बिहार: तेजस्वी यादव का सीएम नीतीश को जवाब- 'लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए 10 कदम की दूरी कार से तय की'
पटना: राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया कि 83 दिन से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाहर नहीं निकले हैं. इसके बाद 9 जून को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कटाक्ष करते हुये ट्वीट किया कि विगत 84 दिन से आप घर से बाहर नहीं निकले हैं. आप ऐसा करने वाले देश के अकेले सीएम हैं. इसी बीच 10 जून को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीएम आवास से निकले और संवाद भवन में पूरी कैबिनेट की बैठक की. इसके बाद सीएम नीतीश ने भी तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा, हमको कहता है बाहर नहीं निकले हैं. लॉकलाडन लागू है, पूरे देश में. कहा जा रहा है कि नहीं निकला. प्रतिदिन एक-एक चीज की समीक्षा, सारा काम कर रहे हैं. खुद कहा रहता है भाग करके, इसका कोई ठिकाना नहीं है,पार्टी के लोगों को भी पता नहीं है.
अब तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार की इस बात पर जवाब दिया है. उन्होंने कहा, बिहार के मुख्यमंत्री 85 दिन के बाद बाहर निकल कर लोगों को देखने नहीं जाते. 45 दिन के बाद सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी. जनता के दुख दर्द में गायब है. वो केवल CM नही राज्य के नेता हैं वो अपनी डियूटी कब निभाएंगे.
इससे पहले तेजस्वी ने ट्वीट किया था कि जिसमें मंगलवार की कैबिनेट मीटिंग के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाहर निकलने पर कटाक्ष किया गया. उन्होंने लिखा, CM के शयनकक्ष से चंद कदम दूर उनके आवास से परस्पर जुड़े विस्तारित संवाद कक्ष में जाना बाहर निकलना नहीं हुआ. सदैव वो अंदर ही अंदर संवाद कक्ष पहुंचते थे लेकिन 84 दिन तक उनके बाहर नहीं निकलने पर सवाल उठा तो लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए 10 कदम की दूरी कार से तय की. ठोंको ताली.
तेजस्वी यादव ने रांची जाते वक्त ये भी कहा, टेस्ट कम क्यों हो रहा है. बड़ी बुरी स्थिति है. उनके गुंडा विधायक को निकलकर गोली मारने की छूट है. हम तो लगातार काम कर रहे थे. हम गायब कहा होंगे हम गायब होने वाले नहीं हैं. गुरुवार को लालू यादव जी का जन्मदिन है. इस बार केक काट कर नही बल्कि गरीबों को खाना खिलाकर. हम लोग गरीब के साथ खड़े हैं. इनलोगों को सत्ता की भूख है.
|
|

Post a Comment