UP: किसान आंदोलन को लेकर प्रियंका का मोदी सरकार पर हमला, बोलीं- अन्नदाता को आतंकी कहना पाप
रामपुर: 26 जनवरी को दिल्ली में निकाली गई ट्रैक्टर रैली में मारे गए किसान नवरीत सिंह के परिजनों से मिलने रामपुर पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि किसान एक फोन की काल की दूरी पर हैं तो फिर उनसे बात क्यों नहीं की जाती है. प्रियंका गाँधी ने कहा कि किसान को आतंकवादी कहना बहुत बड़ा पाप है. ये पाप न प्रधानमंत्री को करना चाहिए और न ही उनकी सरकार को करना चाहिए.
मृतक किसान के परिजनों से मिलने के बाद मीडिया से चर्चा में प्रियंका गाँधी ने कहाकि मैंने उनके परिवार और दादा जी से बात की है उन्होंने कहा है एक स्पष्ट और न्यायिक जांच होनी चाहिए. हम पूरी तरह किसानों के साथ खड़े हैं. उन सब किसानों के साथ भी जो दिल्ली के बॉर्डर पर बैठे हैं. सबसे बड़ा जुर्म ये है कि सरकार पहचान नहीं रही है. ये आंदोलन सच्चा है इसमें कोई राजनीति नहीं है्. ये किसानों का दर्द है, इसका आदर करना पड़ेगा. अगर आदर नहीं किया तो पूरे देश के किसान इकट्ठे हो जाएंगे.
प्रियंका ने कहा कि आज इतनी सारी गाडी आई हैं मैंने बुलाया नहीं है. अगर आप उस बॉर्डर की फोटो देखें तो ऐसा लगता है देश का बॉर्डर है क्या कह रहा है ये किसान? वो यही कह रहा है मुझसे चर्चा कर लो. मेरे लिये कानून बना रहे हो तो मुझसे चर्चा कर लो. लेकिन सत्ता का अहंकार इतना बढ़ गया है कि वो जनता को भूल जाता है. हो सकता है प्रधानमंत्री के इर्द गिर्द लोग उनको बताते नहीं होंगे.
किसान एक फोन की दूरी पर है तो बात करो अगर एक टेलीफोन दूर हैं जो किसान बैठे हैं तो वह बात नहीं कर सकते हैं क्या? वो बॉर्डर कितना दूर है. किसान तो कहते हैं इनको वोट हमने दिया है. जो सत्ता देने वाला है आप उसके पास नहीं जाते. मैंने पहले भी बोला है ये बहुत बड़ा पाप है, जो जवान सीमा पर खड़े हैं, ये किसके बेटे हैं.
आपको बता दें कि प्रियंका गांधी नवरीत की अरदास में रामपुर पहुंची थी. नवरीत की मौत गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर रैली के दौरान हो गई थी. नवरीत किसान परिवार से आता था और किसानों की रैली में भाग लेने के लिए वह दिल्ली पहुंचा था. रैली तय रास्तों पर न जाकर लाल किले की ओर चली गई थी. रैली में शामिल नवरीत का ट्रैक्टर पलट गया और उसकी मौत हो गई.
Source: News18

Post a Comment